Article

बीजेपी के ख़िलाफ़ 'कन्नौज क्रांति' का नारा देकर अखिलेश ने किया नामांकन

 25 Apr 2024

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से आज अपना नामांकन दाखिल किया। अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। अखिलेश के साथ उनके चाचा रामगोपाल और शिवपाल भी नजर आए। नामांकन से पहले अखिलेश यादव ने 24 साल पुरानी एक तस्वीर साझा की जिसमें लिखा “फिर इतिहास दोहराया जाएगा, अब नया भविष्य बनाया जाएगा।” दरअसल अखिलेश यादव ने कन्नौज से पहले अपने भतीजे तेज प्रताप को टिकट दिया था। लेकिन स्थानीय नेताओं की माँग को देखते हुए खुद ही चुनाव लड़ने का फैसला लिया।



कन्नौज-क्रांति होकर रहेगी


अखिलेश यादव ने बुधवार को एक्स पर एक पोस्ट में लिखा था, "सुगंध की नगरी सकारात्मक राजनीति के जवाब के रूप में, नकारात्मक राजनीति करने वाली भाजपा को जिस तरह की पराजय की ओर ले जा रही है, इतिहास में उसे ‘कन्नौज-क्रांति’ के नाम से जाना जाएगा। जनतंत्र में जनता की मांग ही सर्वोपरि होती हैं। कन्नौज के हर गांव-गली-गलियारे से जो आवाज उठ रही है, साथ ही जो सपा और इंडिया गठबंधन के स्थानीय नेताओं-कार्यकर्ताओं की भी पुरजोर मांग है। जनता के इस मांग को मैं पूरा करूँगा और इस बार ‘कन्नौज-क्रांति’ होकर रहेगी।"



कन्नौज लोकसभा सीट का इतिहास 

 कन्नौज लोकसभा सीट साल 1967 में अस्तित्व में आई। पहले चुनाव में संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी की ओर डॉ. राम मनोहर लोहिया ने जीत हासिल की। लेकिन साल 1971 आम चुनाव में कांग्रेस ने ये सीट छीन ली। कांग्रेस के उम्मीदवार सत्य नारायण मिश्र ने जीत हासिल की। इसके बाद दो चुनाव में जनता पार्टी को जीत मिली। साल 1984 आम चुनाव में कांग्रेस की लहर में शीला दीक्षित सांसद चुनी गईं। साल 1996 आम चुनाव में पहली बार कन्नौज लोकसभा सीट पर भाजपा को जीत मिली।

लोकसभा चुनाव 1999 में मुलायम सिंह यादव इस सीट से सांसद चुने गए। लेकिन उन्होंने ये सीट छोड़ दी। साल 2000 में इस सीट पर उपचुनाव हुआ। जिसमें अखिलेश यादव ने भारी मतों से जीत दर्ज की। साल 2004 के चुनाव में अखिलेश यादव एक बार फिर कन्नौज सीट से जीते। साल 2009 के चुनाव में अखिलेश यादव ने फिर से जीत दर्ज की। 2009 में हुए उपचुनाव में डिंपल यादव यहां से चुनाव जीता और पहेली बार संसद पहुंची। 2014 में डिंपल यादव ने ही यहां से चुनाव जीता। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के सुब्रत पाठक ने डिंपल यादव को 12 हज़ार वोटो से हराया। इस बार अखिलेश यादव का मुकाबला बीजेपी मौजूदा सांसद सुब्रत पाठक से होने वाला है। कन्नौज में चौथे चरण में 13 मई को मतदान होगा।